DJ के नाम पर एडवांस हड़पा, रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में DJ खरीद के नाम पर युवक से 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी और फिर खुलेआम तमंचा दिखाकर धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर दुकानदार ने दबंगई दिखाते हुए अवैध हथियार निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी।
DJ देने का झांसा, एडवांस लेकर किया खेल
पीड़ित हरवंश पुत्र नरेश कश्यप, निवासी ग्राम कुरतरा थाना फतेहगंज पश्चिमी ने बताया कि 16 अक्टूबर 2024 को कस्बे के उन्नासी रोड स्थित जे.के. इलेक्ट्रिकल्स एवं एयर कंडीशनर नामक दुकान पर DJ खरीदने को लेकर सौदा तय हुआ था। दुकानदार जितेंद्र कुमार ने DJ की कीमत 2.20 लाख रुपये बताते हुए 50 हजार रुपये एडवांस लेने के बाद एक माह में DJ उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
हरवंश ने अपने साथियों अरुण, सनी और अमन की मौजूदगी में नकद 50 हजार रुपये दुकानदार को सौंप दिए, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद न DJ मिला और न ही रकम वापस की गई।
थाने में समझौता, फिर भी नहीं लौटाए पैसे
बार-बार टालमटोल से परेशान होकर पीड़ित ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की मौजूदगी में समझौता हुआ कि 25 अक्टूबर 2025 तक पूरी रकम लौटा दी जाएगी, लेकिन इसके बाद भी दुकानदार अपने वादे से मुकर गया।
पैसे मांगने पर तमंचा निकालकर धमकी
आरोप है कि 29 अक्टूबर 2025 को हरवंश अपने चाचा अरुण और भाई अंकित के साथ जब दुकान पर रकम मांगने पहुंचा, तो दुकानदार ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने टेबल की दराज से 315 बोर का तमंचा निकालकर तीनों को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए दुकान से भगा दिया।
एसएसपी से शिकायत, मुकदमा दर्ज
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली से की। पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और अवैध हथियार लहराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






