नौमहला मलिन बस्ती में चला विशेष स्वच्छता अभियान, जनसमस्या समाधान शिविर में उमड़ी भीड़

नौमहला मलिन बस्ती में चला विशेष स्वच्छता अभियान, जनसमस्या समाधान शिविर में उमड़ी भीड़
सांसद, महापौर, विधायक और जिलाधिकारी ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, बोले- “क्लीन बरेली, हेल्थी बरेली”
बरेली, 08 जून। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या-09 स्थित नौमहला मलिन बस्ती में विशेष स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण कार्यक्रम एवं “सरकार आपके द्वार” जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा आमजन की समस्याएं सुनकर मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, गलियों और नालियों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण और उसके सही निस्तारण को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया गया।
शिविर में पेंशन, विद्युत, राशन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पूर्ति समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अनेक शिकायतों का मौके पर समाधान किया। पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
विशेष स्वच्छता अभियान के तहत सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नौमहला मलिन बस्ती में सड़क पर झाड़ू लगाकर सफाई का संदेश दिया। इस दौरान “स्वच्छता ही सेवा” आधारित शपथ भी दिलाई गई।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार अब पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए उनके घर तक जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग से जुड़ी समस्या होने पर लोग समाधान शिविर में पहुंचें, जहां उनकी समस्याओं का गंभीरतापूर्वक निस्तारण किया जाएगा।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नगर निगम अब जनता के बीच जाकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ शहर से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान समाज को जागरूक करने का माध्यम है। यदि हमारा घर, मोहल्ला और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ रहेंगे तो हमारा वातावरण और स्वास्थ्य दोनों बेहतर रहेंगे।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि “जनता के द्वारा चुनी गई सरकार, जनता के द्वार पर सरकार” की भावना के तहत यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “क्लीन बरेली, हेल्थी बरेली” को जन आंदोलन बनाना होगा और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक ही सुनिश्चित हो।
स्थानीय नागरिकों ने शिविर और स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया तथा नगर निगम और प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पार्षदगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






