बिथरी चैनपुर में जन-कल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का आयोजन, महिलाओं की रही सक्रिय भागीदारी

विकासखंड बिथरी चैनपुर में जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन, महिलाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए उमड़ी भीड़
बरेली, 14 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड बिथरी चैनपुर में जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जबकि पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की सहभागिता विशेष रूप से अधिक देखने को मिली।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य मेले में नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देकर लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक राघवेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष विकास पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरेंद्र पटेल, जिला पंचायत सदस्य मुकेश शर्मा, एडीओ पंचायत शिखर गुप्ता, खंड विकास अधिकारी आशीष पाल, रोजगार सेवक अभिषेक शर्मा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।






