UP News: पीलीभीत में सीएम योगी की बड़ी सौगात, विस्थापित परिवारों को सौंपे भूमि अधिकार प्रमाण पत्र; 600 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

UP News: पीलीभीत में सीएम योगी की बड़ी सौगात, विस्थापित परिवारों को सौंपे भूमि अधिकार प्रमाण पत्र; 600 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत जिले के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम पतरासा कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा में करीब 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने वर्षों से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे विस्थापित बंगाली हिंदू परिवारों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र वितरित किए और कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ देश की विरासत, संस्कृति और वंचित समाज के सम्मान की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 55-56 वर्ष पूर्व तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए बंगाली हिंदू परिवार दशकों तक अपने अधिकारों से वंचित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा नागरिकता प्रदान किए जाने के बाद अब उन्हें भूमि का वैधानिक अधिकार भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकता और भूमि अधिकार मिलने के बाद अब कोई भी इन परिवारों को उनके घरों से बेदखल नहीं कर सकेगा।
ढाई हजार परिवारों को मिला अधिकार, प्रदेशभर में चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पीलीभीत जिले में लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों, यानी करीब 15 हजार लोगों, को नागरिकता और भूमि अधिकार का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे लगभग 55 हजार परिवारों को चरणबद्ध तरीके से अधिकार दिलाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत पीलीभीत से की गई है, जबकि बाराबंकी और बहराइच में भी यह प्रक्रिया जारी है। जिन मामलों में वन विभाग अथवा केंद्र सरकार की अनुमति आवश्यक है, वहां मंजूरी मिलते ही शेष परिवारों को भी लाभ दिया जाएगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद प्रताड़ित हिंदू परिवारों, गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों की कभी चिंता नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीति केवल तुष्टिकरण तक सीमित रही, जबकि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
विकास और आधारभूत सुविधाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बंगाली परंपरा से हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने क्षेत्र में चीनी मिल, स्टेडियम और डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग रखी, जबकि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार की सराहना की।
मुख्यमंत्री के दौरे को पीलीभीत में विकास और विस्थापित परिवारों के अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार तक नागरिकता और भूमि अधिकार सुनिश्चित करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।






