No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

शराब का पैग गिरने पर दोस्त बना कातिल, सरिया घोंपकर की हत्या

फेफड़े फटने से हुई मौत, आरोपी गिरफ्तार; शराब के नशे में हुआ था विवाद

No Slide Found In Slider.

बरेली। शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की जान ले बैठा। शराब का पैग गिरने और दूसरी बोतल के लिए रुपये न देने से नाराज युवक ने अपने ही दोस्त पर सरिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मृतक की पत्नी काजल निवासी फरीदापुर उर्फ नवादा, थाना नवाबगंज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति हप्पू (38 वर्ष) गांव लालपुर में रहते थे और घूम-घूमकर दुकानों पर नींबू-मिर्च लगाने का काम करते थे।
बताया गया कि 14 जून की रात हप्पू गांव के महेश बाबू के घर के सामने खाली स्थान पर चारपाई पर सो रहे थे। उनके पास ही दूसरी चारपाई पर शेरगढ़ क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन निवासी सुमित भी सो रहा था, जो रिश्तेदारी में वहां आया हुआ था।
शराब को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि 13 जून की रात दोनों ने साथ बैठकर देसी शराब पी थी। इसी दौरान शराब का पैग गिर गया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद सुमित ने हप्पू से और शराब लाने के लिए रुपये मांगे, लेकिन हप्पू ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
इस बात से नाराज सुमित ने देर रात सोते समय मच्छरदानी में लगी लोहे की सरिया निकाल ली और हप्पू पर कई वार कर दिए। सरिया शरीर में गहराई तक धंसने से हप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया।
फेफड़े फटने से हुई मौत
घटना के बाद लालपुर निवासी एक व्यक्ति ने घायल हप्पू को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सरिया के वार से हप्पू के फेफड़े फट गए थे और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हुई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी सुमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि शराब गिरने और रुपये न मिलने से वह गुस्से में आ गया था। इसी नाराजगी में उसने सरिया से हमला कर अपने दोस्त की हत्या कर दी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button