बरेली में नेशनल हाईवे पर मौत का तांडव: इन्वर्टिस के पास आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, 2 की मौत, 2 गंभीर, हाईवे पर 3 घंटे तक जाम

बरेली। बरेली-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के सामने जीरो प्वाइंट के पास दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब ढाई से तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
टायर फटते ही बदला ट्रक का रास्ता, सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर
पुलिस के अनुसार हरियाणा से दिल्ली होते हुए बिहार जा रहा सेब से लदा ट्रक इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसका अगला टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक डिवाइडर पार कर गलत दिशा में पहुंच गया। उसी समय मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से केले लेकर पीलीभीत जा रहा ट्रक सामने से आ गया। दोनों ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए परखच्चे
हादसा इतना भयावह था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। चालक और हेल्पर केबिन में बुरी तरह फंस गए। हाईवे पर सेब और केले बिखर गए और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दो की मौत, दो जिंदगी की जंग लड़ रहे
सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस, राहत एवं बचाव टीम और क्रेन मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चारों घायलों को ट्रकों से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
देर शाम एक मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र के सिमरा घाट निवासी दिलवाग सिंह के रूप में हुई। दूसरे मृतक की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से एक घायल के दोनों पैर कट जाने की जानकारी सामने आई है।
ट्रक मालिक भी नहीं बता सके चालक-हेल्पर की पहचान
पुलिस ने दोनों ट्रकों के नंबर के आधार पर मालिकों से संपर्क किया। मालिकों ने ट्रकों के रूट की जानकारी तो दी, लेकिन चालक और हेल्पर की पहचान तत्काल नहीं बता सके। उनका कहना था कि कई ट्रक अलग-अलग चालक और हेल्पर चलाते हैं। पुलिस अब कर्मचारियों की सूची के आधार पर दूसरे मृतक और घायलों की पहचान कराने में जुटी है।
तीन घंटे तक हाईवे पर रेंगता रहा ट्रैफिक
हादसे के बाद दोनों ट्रक सड़क पर तिरछे फंस गए, जिससे नेशनल हाईवे पर करीब दो से ढाई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाया और लगभग ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया।
पुलिस कर रही हादसे की विस्तृत जांच
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का टायर फटना और उसके बाद वाहन का अनियंत्रित होकर गलत दिशा में पहुंचना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई जारी है।





