बरेली: बाबा बनखंडी नाथ मंदिर से सैकड़ों श्रद्धालुओं का कांवड़ जत्था कछला धाम के लिए रवाना, जनप्रतिनिधियों ने भगवा ध्वज दिखाकर किया विदा
LIVE BHARAT TV | सबसे पहले, सबसे सटीक

बरेली। श्रावण मास के पावन अवसर पर बरेली स्थित श्री बाबा बनखंडी नाथ मंदिर से सैकड़ों शिवभक्तों का भव्य कांवड़ जत्था गुरुवार को कछला धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु कछला धाम से पवित्र गंगाजल लेकर वापस आएंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी धार्मिक यात्रा का समापन करेंगे।
कांवड़ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर श्री महंत सतीश राठौर एवं महंत राजेश राठौर के नेतृत्व में कांवड़ जत्थे को बरेली के मेयर उमेश गौतम ने भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया। उनके साथ जिला पंचायत प्रतिनिधि प्रशांत पटेल, धर्मेंद्र राठौर (रिंकू), सुरेश चंद्र राठौर, हरिओम राठौर, नन्हे लाल राठौर उर्फ राहुल, चंद्रपाल राठौर, विशाल राठौर, दीपक राठौर एवं श्रीमती पार्वती जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उनके सुरक्षित, मंगलमय और सफल यात्रा की कामना की गई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे, जिन्होंने शिवभक्तों का उत्साहवर्धन किया।




