बरेली में ईद के दिन हादसा: तेज रफ्तार बुलेट से युवक की मौत, तीन घायल

बरेली में ईद के दिन तेज रफ्तार एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। सिरौली-अलीगंज मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह उमंग पेट्रोल पंप के पास हुआ। तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने आगे चल रही दूसरी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुलफाम (20) ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार जारी है।
मृतक के परिजनों के मुताबिक, खैलम देहजागीर निवासी गुलफाम अपने साथी नूर हसन अंसारी (18) के साथ ईद की नमाज अदा करने के बाद अलीगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दूसरी बाइक सवार भूपेंद्र भी वजीरगंज की ओर जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट सवार युवक तेज रफ्तार में थे और उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना था। बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले उनकी बाइक एक ऑटो से टकराने से बाल-बाल बची थी, लेकिन नियंत्रण खोने के बाद वह आगे चल रही बाइक से जा टकराई।
गुलफाम छह भाइयों में पांचवें नंबर का था और अलीगंज में फर्नीचर की दुकान पर मजदूरी करता था। उसके पिता अबरार दिल्ली में मसालों का कारोबार कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ईद के दिन हुई इस दुखद घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






