भमौरा कांवड़ शिविर में भव्य भजन संध्या, शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु
📺 Live Bharat TV 📍 स्थान: भमौरा, तहसील आंवला, बरेली

मंत्री धर्मपाल सिंह और डीएम अविनाश सिंह रहे मौजूद; कांवड़ियों के लिए भोजन, चिकित्सा, विश्राम और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
बरेली, 9 अगस्त। सावन के पवित्र माह में कांवड़ यात्रियों की सेवा और शिव आराधना को समर्पित तहसील आंवला के भमौरा स्थित कांवड़ शिविर में रविवार को भव्य ‘भजन संध्या’ का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियों से पूरा पंडाल भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में सैकड़ों शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम छह बजे भगवान शिव की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। मधुर शिव भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। पूरा आयोजन स्थल “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से शिवमय हो गया।
भजन संध्या में उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और जिलाधिकारी अविनाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी आंवला सुशील कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और शिवभक्त उपस्थित रहे।
कांवड़ियों के लिए व्यापक सुविधाएं
जिला एवं तहसील प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर में व्यापक व्यवस्थाएं कीं। दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि शाम को भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
कांवड़ियों के लिए दोपहर और रात्रि भोजन की व्यवस्था की गई। महिला एवं पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग स्वच्छ और सैनिटाइज्ड विश्राम स्थल बनाए गए। शिविर में शुद्ध पेयजल, स्नानघर और मोबाइल शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशाल चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रही। पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ स्वयंसेवकों ने यात्रियों की सहायता की।
वाहनों के लिए निशुल्क पार्किंग, पवित्र कांवड़ जल रखने के लिए सुरक्षित स्थान, सहायता केंद्र और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की भी व्यवस्था की गई। इसके माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक सूचनाएं एवं दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “कांवड़ यात्रियों की सेवा, सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित किया गया।




