बरेली में शोक और सेवा: डिप्टी सीएम ने दी श्रद्धांजलि, स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार दोपहर दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के शक्तिनगर स्थित आवास पहुंचे और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
डिप्टी सीएम के साथ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने स्व. श्याम बिहारी लाल को एक समर्पित जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उन्होंने जनसेवा को अपना जीवन लक्ष्य बनाया और समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि
श्रद्धांजलि सभा के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, विधायक राजीव अग्रवाल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामगोपाल मिश्रा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत विधायक के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिजनों को ढांढस बंधाया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पीर बहोड़ा पहुंचकर जनस्वास्थ्य सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






