महापौर उमेश गौतम को धमकी से बरेली में हड़कंप! दो मुकदमे दर्ज, पांच लाख की रंगदारी मांगने का भी आरोप

दो कथित पत्रकारों पर फोन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, महापौर के निजी सहयोगी ने दर्ज कराया मुकदमा
महापौर और उनके सहयोगी की तस्वीर लगाकर वेबसाइटों पर कथित भ्रामक खबरें प्रसारित करने का भी आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
लाइव भारत टीवी | बरेली रिपोर्ट
बरेली। बरेली के महापौर डा. उमेश गौतम की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। महापौर के निजी सहयोगी को फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपों ने शहर में हलचल मचा दी है। मामले में कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। दोनों मामलों में कुछ कथित पत्रकारों के नाम सामने आए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
पहले मामले में महापौर के निजी सहयोगी प्रद्युम्न वात्स्यायन ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रात के समय उनके मोबाइल पर अलग-अलग दो नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने अपना नाम मोहित उप्रेती और संजीव अग्रवाल बताते हुए खुद को पत्रकार बताया। बातचीत के दौरान दोनों ने कहा कि उनके नंबर से कुमार विनय ने कॉल की है। इस पर प्रद्युम्न ने स्पष्ट किया कि उनका मोबाइल नंबर उनके पास ही रहता है और उन्होंने किसी को कोई कॉल नहीं की है।
आरोप है कि इसके बाद फोन करने वालों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान पीछे से यह आवाज भी सुनाई दी कि ‘इसे तो निपटा देंगे।’ प्रद्युम्न का कहना है कि इस घटनाक्रम से उन्हें अपनी और महापौर की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर की लोकप्रियता के चलते कुछ असामाजिक तत्व उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं।
वेबसाइटों पर तस्वीर लगाकर बदनाम करने का आरोप, मांगी पांच लाख की रंगदारी
इसी प्रकरण से जुड़ा दूसरा मामला पत्रकार कुमार विनय की शिकायत पर दर्ज हुआ है। कुमार विनय ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर की शाम उनके पास दो अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने अपना नाम मोहित उप्रेती और अखिलेश कुमार बताया। आरोप है कि उन्होंने दीपावली से एक दिन पहले महापौर के कैंप कार्यालय में वितरित किए गए उपहारों को लेकर नाराजगी जाहिर की और उन्हें महापौर का पीआरओ समझकर धमकाया।
कुमार विनय का आरोप है कि इसके बाद उनकी और महापौर डा. उमेश गौतम की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए लोक आवाज डॉट कॉम और लक्ष्य द टारगेट नामक वेबसाइटों पर भ्रामक एवं झूठी बातें प्रकाशित की गईं। इन पोस्टों को व्हाट्सएप के विभिन्न ग्रुपों में भी प्रसारित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सामग्री हटवाने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। शिकायत में मोहित उप्रेती, संजीव अग्रवाल और अखिलेश कुमार के नाम शामिल किए गए हैं। कुमार विनय ने इसे उनकी और महापौर की छवि धूमिल करने की सुनियोजित कोशिश बताया है।
आठ साल पहले भी मिली थी महापौर को धमकी
महापौर डा. उमेश गौतम को इससे पहले भी धमकी मिल चुकी है। करीब आठ वर्ष पूर्व उन्हें ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। बताया गया था कि यह ईमेल स्विट्जरलैंड से भेजा गया था। अब एक बार फिर धमकी से जुड़ा मामला सामने आने के बाद महापौर की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि कोतवाली में दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। ऐसे में आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।






