No Slide Found In Slider.
Breaking News

बरेली बड़ा बाइपास पर दर्दनाक हादसा: भांजे और मौसी की मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

No Slide Found In Slider.

मौसी को दवा दिलाकर भोजीपुरा से लौट रहा था 23 वर्षीय देव पटेल, हादसे में नीलम पटेल की मौके पर मौत; देव ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाइपास पर बृहस्पतिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी मौसी की मौत हो गई। लालपुर चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौसी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों की पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।

मृतकों की पहचान देव पटेल (23) पुत्र वीरपाल पटेल निवासी नत्थू रम्पुरा और उनकी मौसी नीलम पटेल  पत्नी सुरेंद्र पटेल के रूप में हुई। सुरेंद्र पटेल मूल रूप से कैंट क्षेत्र के गांव बरी नगला के निवासी बताए गए हैं। नीलम अपने परिवार के साथ पिछले कई वर्षों से बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा में मकान बनाकर रह रही थीं।

मौसी को दवा दिलाने भोजीपुरा गया था देव

परिजनों के मुताबिक नीलम पटेल की तबीयत खराब चल रही थी। बृहस्पतिवार को उनका भांजा देव पटेल उन्हें बाइक से दवा दिलाने भोजीपुरा लेकर गया था। दवा लेने के बाद दोनों डोहरा स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ा बाइपास पर लालपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में नीलम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देव पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देव को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रधान वीरपाल पटेल के बेटे थे देव

देव पटेल नत्थू रम्पुरा गांव के प्रधान वीरपाल पटेल के पुत्र थे। युवक और उसकी मौसी की एक साथ मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में परिचित, ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। दो लोगों की असमय मौत से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है। प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर की ओर से चौकी प्रभारी अलादपुर को भी दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने और अज्ञात वाहन का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि बड़ा बाइपास से गुजरने वाले वाहनों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के जिम्मेदार वाहन की जल्द पहचान की जा सके। इस दर्दनाक घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button