बरेली में अर्धनग्न हालत में सड़क पर घूमता रहा युवक, हाथ में थी बीयर की बोतल; राहगीरों और वाहनों के सामने करता रहा अजीबोगरीब हरकतें।

नशे में विदेशी पर्यटक ने सड़क पर मचाया उत्पात, पुलिस ने कराया शांत
बरेली में अर्धनग्न हालत में सड़क पर घूमता रहा युवक, हाथ में थी बीयर की बोतल; राहगीरों और वाहनों के सामने करता रहा अजीबोगरीब हरकते
बरेली। स्टेशन रोड पर सोमवार शाम उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब कथित तौर पर नशे में एक विदेशी पर्यटक अर्धनग्न हालत में सड़क पर घूमते हुए हंगामा करने लगा। युवक ने टी-शर्ट नहीं पहन रखी थी और उसके हाथ में बीयर की बोतल थी। वह सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और वाहनों के सामने अजीबोगरीब हरकतें करता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेशन रोड स्थित एक होटल के आसपास विदेशी युवक काफी देर तक घूमता रहा। उसकी पीठ पर बड़ा टैटू बना हुआ था। उसकी गतिविधियों को देखकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों और वाहन चालकों के सामने करता रहा हरकतें
बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में कभी सड़क के किनारे तो कभी वाहनों के पास पहुंच रहा था। व्यस्त सड़क पर उसकी गतिविधियों के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विदेशी पर्यटक को सड़क से हटाकर समझाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों के बीच घटना चर्चा का विषय बनी रही।
विदेशी नागरिक के सड़क पर इस तरह घूमने और हंगामा करने का मामला आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में भी रिकॉर्ड किया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल
लाइव भारत टीवी | बरेली, उत्तर प्रदेश






