भदपुरा में आकाशीय बिजली गिरी, तीन महिलाएं झुलसीं; धमाके से दहला धीमरी गांव।

धीमरी गांव में कई घरों के बिजली मीटर और उपकरण फुंके, एक महिला बेहोश; गंभीर घायल को बरेली किया रेफर, दैवीय आपदा के तहत राहत की मांग
बरेली। भदपुरा क्षेत्र के धीमरी गांव में रविवार शाम करीब चार बजे आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली की चपेट और तेज झटके से तीन महिलाएं झुलस गईं, जबकि एक अन्य महिला बेहोश हो गई। अचानक हुए तेज धमाके से पूरा गांव दहल उठा। आसपास के कई घरों में बिजली के मीटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घर के पास गिरी बिजली, दीवार का हिस्सा गिरा
ग्रामीणों के मुताबिक, राजेश्वरी देवी अपने घर में खाना खा रही थीं। इसी दौरान उनके घर के पास तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसके प्रभाव से दीवार का कुछ हिस्सा गिर गया, जबकि घर में चल रहा पंखा, मोबाइल फोन और बिजली का मीटर भी खराब हो गया। तेज झटका लगने से राजेश्वरी देवी बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में नवाबगंज के एक निजी अस्पताल ले गए।
चारा मशीन में दौड़ा करंट, महिला गंभीर
गांव की साक्षी तोमर पत्नी पंकज तोमर पशुओं के लिए चारा डाल रही थीं। बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद चारा मशीन में करंट दौड़ गया। उस समय साक्षी का हाथ मशीन पर था, जिससे उन्हें जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर गिर गईं। परिजन उन्हें क्योलड़िया के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया।
प्रेमवती और मधु देवी भी आईं चपेट में
इसी दौरान प्रेमवती भी बिजली के झटके से बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गांव की मधु देवी भी बिजली के झटके से प्रभावित होकर गिर पड़ीं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली गिरने के समय आसपास के कई मकानों में तेज झटके महसूस किए गए।
कई घरों के मीटर और उपकरण क्षतिग्रस्त
आकाशीय बिजली के प्रभाव से गांव के कई घरों में बिजली के मीटर और घरेलू उपकरण फुंकने की बात सामने आई है। तेज धमाके के बाद ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। एक साथ कई लोगों के प्रभावित होने से गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
दैवीय आपदा के तहत राहत की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर गन्ना समिति उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने एसडीएम और संबंधित लेखपाल को मामले से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित एवं घायल महिलाओं को दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग की। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई।





