महिला सुरक्षा को लेकर सख्त दिखे एसपी सिटी मानुष पारीक, महिला थाने का किया आकस्मिक निरीक्षण

बरेली। महिलाओं की सुरक्षा, न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और पुलिसिंग की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसपी सिटी मानुष पारीक ने बुधवार देर रात महिला थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के रजिस्टर, विवेचना अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की।
अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने पाया कि कई रजिस्टरों का रखरखाव और अभिलेखों का संधारण बेहतर करने की आवश्यकता है। उन्होंने थानाध्यक्ष सहित सभी संबंधित स्टाफ को निर्देश दिया कि सभी अभिलेख पूर्ण, अद्यतन और सही प्रारूप में व्यवस्थित रखें जाएं।
विवेचनाएं जल्द निपटाने पर दिया विशेष बल
एसपी सिटी ने महिला थाने में लंबित चल रही विवेचनाओं की सूची का अवलोकन किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्रता से किया जाए ताकि पीड़िताओं को जल्द न्याय मिल सके।
महिलाओं के विश्वास को बनाए रखना प्राथमिकता: एसपी सिटी
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा, “महिला थानों की भूमिका सिर्फ शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित महिलाओं को न्याय और सुरक्षा का भरोसा देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिला सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
पुलिसकर्मियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने थाने में मौजूद महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों से संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिसकर्मियों की सुविधा और कार्य दक्षता बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।





