रामपुर में 1100 फीट लंबी तिरंगा यात्रा, सेना की सफलता का किया अभिनंदन

रामपुर। पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी को लेकर देश भर में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। शनिवार को रामपुर में भाजपा की ओर से 1100 फीट की तिरंगा यात्रा निकाल कर देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा आंबेडकर पार्क से शुरू होकर गांधी समाधि पर संपन्न हुई।
यात्रा में पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी व रामपुर के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, बरेली एमएलसी कुंवर महाराज सिंह,
जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का जगह जगह लोगों ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। वैश्य समाज, अधिवक्ताओं और कईं संगठनों ने यात्रा का स्वागत करते हुए भारत माता के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल लोगों में जोश भरा।
पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारतीय सेना के धुरंधरों द्वारा पाकिस्तान में “टेररिस्टस की टकसाल” और “टेररिज्म की टेरिटरी” की धुंआधार धमाकेदार धुलाई ने आतंकवाद को धूल चटा दी है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों और उसके आकाओं को मिला जख्म, जुल्म-जुर्म के जल्लादी जानवरों को जन्म-जन्मांतर याद रहेगा। नकवी ने कहा कि आथिर्क कंगाली में आतंकवाद का मवाली बने पाकिस्तान की “टेररिस्ट टकसाल, टेररिज्म ट्रेटरी, उसकी सबसे बड़ी ट्रेजडी” है,
आतंकवादियों को पनाह, पालन-पोषण, पाकिस्तान का पाप है। उन्होंने कहा कि हमारी सेना द्वारा आतंकवाद के अखाड़े में घुस कर आतंक के आकाओं को चारो खाने चित कर दुनियाभर को दहशतगर्द दरिंदों के दुस्साहस को दमघोटू सबक-संदेश मिला है।
पाकिस्तान का ‘आतंकवादी उत्पादन को अपना राष्ट्रीय उद्योग और दहशतगर्द दरिंदे को राष्ट्रीय सम्पत्ति समझना, उसकी बर्बादी की दास्तां लिख रहा है। आतंकवाद का संरक्षण, सुरक्षा, संवर्धन का पाकिस्तानी हुक्मरानों का राष्ट्रीय हठ और हेकड़ी हवा-हवाई हो गई है। नकवी ने कहा कि दुनिया को समझना होगा कि आतंकवाद की फैक्ट्री से अमन का फर्टिलाइजर नहीं बनाया जा सकता। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अर्नगल बयान देना गलत
नकवी ने आपरेशन सिंदूर को लेकर अनर्गल और ग़ैर ज़िम्मेदाराना बयानबाज़ी पर कहा कि कुछ लोगों का देश की जीत पर दुर्भावना का गीत गाने का दस्तूर हो गया है। उन्हें ऐसे दोषपूर्ण दस्तूर को दुरुस्त करना और कंट्री की विक्ट्री पर कन्फ्यूजन की मिस्ट्री’ के रिवाज और मिजाज से बाज आना चाहिए।
नकवी ने कहा कि आज पूरा देश हमारी सेना के शौर्य पराक्रम को नतमस्तक हो सलाम कर रहा है, देश का हमारी सेना और मोदी जी के नेतृत्व पर भरोसा, दुश्मनों में भय साफ दिखाई दे रहा है।