भाजपा में घमासान: सांसद के भतीजे पर भू-माफिया का आरोप, वीडियो वायरल

बरेली/बहेड़ी। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक एकता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र से सामने आया ताजा विवाद पार्टी के भीतर उभरते आंतरिक संघर्ष को उजागर कर रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी आराम सिंह ने सांसद छात्रपाल गंगवार के भतीजे दुष्यंत गंगवार पर भू-माफिया होने और अवैध कब्जों का साम्राज्य चलाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
वायरल वीडियो ने मचाया सियासी भूचाल
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में आराम सिंह स्पष्ट रूप से कहते नजर आ रहे हैं कि “दुष्यंत गंगवार भू-माफिया है। वह दमखोदा ब्लॉक प्रमुख की आड़ में ज़मीनों पर अवैध कब्जे करवा रहा है, और इसके पीछे उसके संरक्षक खुद सांसद छात्रपाल गंगवार हैं।”यह बयान सिर्फ व्यक्तिगत नाराजगी नहीं, बल्कि भाजपा के अंदर जारी सत्ता संघर्ष की एक खुली तस्वीर है
दुष्यंत की चुप्पी से गहराया सस्पेंस
इस पूरे मामले में अब तक दुष्यंत गंगवार या सांसद छात्रपाल गंगवार की कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। चुप्पी ने चर्चाओं को और हवा दे दी है।
भाजपा के अनुशासन और संगठन की नीति पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पार्टी इस गंभीर आरोप की जांच करेगी या इसे भी आंतरिक मामला मानकर दबा दिया जाएगा?
बहेड़ी विधानसभा पहले से ही राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील मानी जाती है। अगर भाजपा अंदरूनी कलह को नहीं सुलझा पाई, तो यह विवाद पार्टी की जड़ें कमजोर कर सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही परिवार में सत्ता का केंद्रीकरण — ब्लॉक प्रमुख से लेकर सांसद प्रतिनिधियों तक — पार्टी की घोषित नीति “संगठन सर्वोपरि” के खिलाफ है।
यदि उच्च नेतृत्व ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को यहां बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।