बरेली में विधवा पेंशन में 800 ‘मौतों’ का खेल! मर चुकी महिलाओं के खातों में महीनों तक ट्रांसफर होती रही पेंशन

बरेली में विधवा पेंशन योजना में एक चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि करीब 800 ऐसी महिलाएं, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके नाम पर सरकारी पेंशन जारी रही। यह फर्जीवाड़ा तब पकड़ा गया जब जिला प्रशासन ने योजना के लाभार्थियों का व्यापक सत्यापन शुरू किया।
जिले में विधवा पेंशन योजना के तहत हर माह 97 हजार महिलाओं को 1000 रुपये की पेंशन दी जाती है, जिसे तिमाही आधार पर उनके खातों में ट्रांसफर किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के शुरुआत में शुरू हुए सत्यापन अभियान में अब तक 54 हजार लाभार्थियों की जांच हो चुकी है। इसमें 800 महिलाएं मृत पाई गईं, बावजूद इसके उनके बैंक खातों में पेंशन जाती रही।
महिला कल्याण विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मोनिका राणा ने बताया कि इन खातों को तुरंत ब्लॉक कर दिया गया है और अब उनकी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगाली जा रही है। विभाग यह पता लगा रहा है कि किसकी मृत्यु कब हुई और किस्तें कब-कब ट्रांसफर की गईं।
जवाबदेही पर सवाल:
यह घोटाला विभाग की निगरानी प्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। वर्षों तक सिस्टम में कोई अलर्ट नहीं आया कि जिन महिलाओं को पेंशन मिल रही है, वे जीवित नहीं हैं। अब जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।