शासन तक पहुंचा कानपुर के DM व CMO की तकरार , डा. नेमी निलंबित, डा. उदय नाथ कानपुर नगर के नये सीएमओ

लखनऊ। कानपुर के जिलाधिकारी जेपी सिंह और सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी के बीच चल रहा विवाद आखिरकार सीएमओ के तबादले के बाद थम गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक मामला पहुंचने के बाद काफी चर्चा में भी आ गया था। इस प्रकरण पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी तंज कसा था। शासन तक प्रकरण पहुंचने के बाद डॉ. हरिदत्त नेमी को निलंबित कर दिया गया है।
कानपुर नगर के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरिदत्त नेमी को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया। उनकी जगह अपर मुख्य चिकित्साधिकारी श्रावस्ती के पद पर तैनात डा. उदय नाथ को कानपुर नगर का मुख्य चिकित्साधिकारी बनाया गया है। डा. नेमी के निलंबन और डा. उदय नाथ की तैनाती से संबंधित आदेश गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की निदेशक रितु माहेश्वरी ने जारी किए।
डा. हरिदत्त नेमी पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में रिक्त पदों पर की जाने वाली नियुक्तियों में चयन प्रक्रिया के विपरीत पदों का विज्ञापन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर नहीं कराए जाने, जिला स्वास्थ्य समिति तथा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के बावजूद आयुष परीक्षा के किए गए साक्षात्कारों का परिणाम चार दिन के अंदर न कराकर चयन के कई दिनों बाद तक जिला स्वास्थ्य समिति से अनुमोदित नहीं कराए जाने से चयन प्रक्रिया संपन्न नहीं होने, वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी को वित्तीय परीक्षण व पदेन कार्यों से हटाते हुए उनके स्थान पर गैर वित्त सेवा के अधिकारी से कार्य लिए जाने के साथ ही अन्य कई आरोप लगे हैं।






