बरेली : ड्यूटी के लिए निकली महिला लेखपाल गायब, कई घंटे बाद बेहोश मिली

बरेली। सुरेश शर्मा नगर से ड्यूटी के लिए निकली महिला लेखपाल रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। जिससे परिजनों और तहसील स्टाफ में खलबली मच गई। कई घंटों के बाद वह नवाबगंज क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिली। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला लेखपाल गीता गंगवार पिछले एक साल से फरीदपुर तहसील में कार्यरत हैं और वर्तमान में बहादुरपुर करोड़ हल्का देख रही हैं। गीता गंगवार गुरुवार को अपने पति को कॉलेज भेजने के बाद सुरेश शर्मा नगर स्थित घर से सुबह लगभग 10 बजे तहसील के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी लेखपाल रिंकू से फोन पर बातचीत कर रही थी। इसी बीच, अचानक चीख की लंबी आवाज सुनाई दी और फोन कट गया। साथी लेखपाल ने बार-बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका में तहसीलदार सुरभि राव, परिजन और साथी लेखपाल फरीदपुर कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम को दोनों लेखपालों के बीच की बातचीत सुनाते हुए मदद मांगी।
इस बीच, जानकारी मिली कि महिला लेखपाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेखपाल के परिजन व स्थानीय लेखपाल साथी नवाबगंज के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचने पर पता लगा कि महिला लेखपाल को एंबुलेंस से लाकर युवक ने भर्ती कराया है। वहीं, लेखपाल के पति सर्वेश गंगवार ने बताया कि पुलिस ने दिनेश निवासी कुकड़ी खेड़ा जिला पीलीभीत को हिरासत में लिया है। वह उनकी पत्नी को फोन पर धमकाता था और कई बार धमका कर उसने उनकी पत्नी से रुपये भी वसूले थे, क्योंकि इससे पूर्व पीलीभीत में पोस्टिंग के दौरान उनकी दिनेश से जान पहचान हो गई और वह दिनेश से बात भी करती थीं, इसीलिए दिनेश से रुपयों का लेनदेन भी होता रहता था। पति ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी गीता गंगवार के गले पर भी निशान हैं जिससे प्रतीत होता है कि उनकी पत्नी की गला घोटने का भी प्रयास किया गया है। पत्नी के होश में आने पर ही सच्चाई सामने आएगी।