डॉ. अरुण सक्सेना ने किया अधिक से अधिक पौधारोपण और सहभागिता का आग्रह

बरेली। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, बरेली महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को कांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में नेशनल स्टूडेंट पर्यावरण कंपटीशन (NSPC) 2025 के पोस्टर का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण जागरूकता एवं प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के क्षेत्रीय संयोजक रणवीर जी ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन पूरे भारत में किया जा रहा है, जिसमें न सिर्फ विद्यालय के छात्र-छात्राएं बल्कि हर आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाना लक्ष्य है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और पौधारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
बैठक में प्रांत संयोजक शिवेंद्र जी, विभाग संयोजक विवेक जी, महानगर सहसंयोजक मनोज बाजपेई, महानगर नारी शक्ति प्रमुख रचना सक्सेना, विवेक पटेल, प्रेम शंकर गंगवार, पुष्पेंद्र, विक्रम अग्रवाल और मनोज मेहरा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और आगामी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की प्रेरणा दी गई।