हाईवे पर कांवड़िए की मौत के बाद बवाल…
.ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर कांवड़िए की मौत, गुस्साए श्रद्धालुओं ने वाहन में लगाई आग, छह घायल

बदायूं, उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार दोपहर उझानी कोतवाली क्षेत्र के बुटला बोर्ड के पास दर्दनाक हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। हाईवे किनारे आराम कर रहे एक कांवड़िए को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर अन्य कांवड़िए आक्रोशित हो गए और उन्होंने उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली को आग के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हुआ, उसमें भी कांवड़िए सवार थे। हादसे के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। झगड़े में छह कांवड़िए घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और आग बुझाने के लिए दमकल को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है।






