ड्रोन नहीं, अफवाहों का आतंक: बरेली में उड़ती गलतफहमियों ने मचाया हड़कंप, निर्दोषों की पिटाई और फायरिंग तक पहुंचे हालात
पुलिस बोली- जागरूक रहें, डर फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बरेली। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों “ड्रोन” के नाम पर फैली अफवाहों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। कोई इसे चोरी से पहले की रेकी मान रहा है, तो कोई किसी बड़ी साजिश से जोड़ रहा है। लेकिन इस डर ने अब कानून व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। लोग खुद ही ‘जासूस’ और ‘जज’ बनकर निर्दोषों को पीट रहे हैं, फायरिंग कर रहे हैं और अफरातफरी का माहौल बना रहे हैं।
फतेहगंज में छत पर मिला “ड्रोन”, निकला खिलौना
सोमवार सुबह फतेहगंज पश्चिमी के एक गांव में एक मकान की छत पर ड्रोन जैसी कोई वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। लेकिन जब पुलिस ने जांच की, तो सच सामने आया। यह मात्र 863 रुपये का खिलौना ड्रोन था, जिसमें न तो कैमरा था और न ही कोई रिकॉर्डिंग सिस्टम। इसकी बैटरी भी सिर्फ 5 मिनट तक चलने वाली थी और उड़ान सीमा 300 मीटर थी। संभावना है कि बैटरी खत्म होने पर यह नीचे गिर गया हो।
भोजीपुरा में संदिग्ध समझ युवक को घेरा, निकला मानसिक रूप से अस्वस्थ
ड्रोन की दहशत के बीच भोजीपुरा क्षेत्र के ग्रामीण रात में गश्त पर निकल पड़े। इसी दौरान एक युवक को संदिग्ध मानकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि वह सहारनपुर निवासी हुकुम सिंह है, जो चार महीने पहले काम की तलाश में घर से निकल गया था और मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
चार भाइयों को चोर समझकर पीटा, लापता भाई को ढूंढ़कर ला रहे थे
ड्रोन की एक और अफवाह के चलते फतेहगंज पश्चिमी के भिटौरा स्टेशन के पास चार भाइयों को ग्रामीणों ने चोर समझकर घेर लिया और पीट दिया। वे अपने लापता भाई भूरा को दिल्ली से लेकर लौट रहे थे। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद सभी को निर्दोष मानकर छोड़ दिया।
एसएसपी की दो टूक– अफवाह फैलाने और मारपीट करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि ड्रोन उड़ाने के लिए अनुमति जरूरी है, खासकर शादी या धार्मिक कार्यक्रमों में। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों के बहकावे में न आएं, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दें, न कि कानून हाथ में लें। एसएसपी ने चेतावनी दी कि निर्दोषों के साथ मारपीट या हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस चलाएगी जागरूकता अभियान
पुलिस अब ग्राम सुरक्षा समितियों, सरकारी विभागों और मीडिया के माध्यम से एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाने जा रही है, ताकि लोग डर नहीं, तथ्य और समझदारी से फैसले लें।





