स्वतंत्रता दिवस सजावट बनी करंट का जाल, नगर निगम में दो कर्मचारी चपेट में”

बरेली। नगर निगम में गुरुवार सुबह स्वतंत्रता दिवस की सजावट के बीच बड़ा हादसा हो गया। सफाई के दौरान दो कर्मचारी करंट की चपेट में आ गए, जिसमें सुपरवाइजर बेसुध होकर मौके पर गिर पड़ा। अचानक हुई घटना से निगम परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा
नगर निगम की बिल्डिंग और परिसर को 15 अगस्त को लेकर रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। ये लाइटें बुधवार रात से लगातार बरसात के बीच भी जल रही थीं।
सुबह सफाई के दौरान सुपरवाइजर मनीष आनंद और कर्मचारी आनंद निगम पहुंचे। बताया जाता है कि मनीष आनंद सफाई का निर्देश दे रहे थे, तभी करंट की चपेट में आ गए। उन्हें किसी तरह छुड़ाया गया, लेकिन तब तक वह बेसुध होकर गिर पड़े।
इसी दौरान हजियापुर निवासी कर्मचारी आनंद को भी करंट लग गया। हादसे के बाद दोनों को तुरंत निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर कुर्सी पर बैठाया गया।
घटना के बाद हड़कंप
मनीष आनंद की हालत देखकर मौके पर कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और बेसुध कर्मचारी को घर ले गए।
हादसे के बाद कर्मचारियों ने सजावट के लिए डाली गई लाइन का कनेक्शन काटा, तब जाकर राहत मिली।