बरेली में अवैध खनन पर छापा: टीम पर हमला, 5 KM तक पीछा कर 3 ट्रैक्टर-ट्राली सीज
बरेली के कैंट क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गई प्रशासनिक टीम पर हमला हुआ। आरोपितों ने पथराव किया और मिट्टी सड़क पर गिराकर भागने की कोशिश की। टीम ने 5 किलोमीटर पीछा कर 3 ट्रैक्टर-ट्राली सीज किए और 6 लोगों पर FIR दर्ज की गई।

बरेली: जिले में अवैध खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक सख्ती के बावजूद खनन माफिया बेखौफ नजर आ रहे हैं। ताजा मामला कैंट क्षेत्र का है, जहां अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची टीम पर आरोपितों ने न केवल हमला किया, बल्कि फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश भी की।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम रविवार देर रात करीब एक बजे चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, नायब तहसीलदार विदित कुमार और खनन अधिकारी मनीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। कैंट क्षेत्र से बभिया की ओर बढ़ने पर टीम को करीब 15 से 20 ट्रैक्टर-ट्राली अवैध खनन में लिप्त दिखाई दिए।
टीम के पहुंचते ही सभी चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मौके से फरार हो गए। हालांकि अधिकारियों ने पीछा कर एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। जब टीम इस ट्रैक्टर को बभिया चौकी की ओर ले जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपितों ने गाड़ी पर पथराव कर दिया।
पकड़े गए चालक से पूछताछ में सामने आया कि बभिया गांव के कृपाल सिंह और महेश समेत कुछ लोगों का गिरोह इस अवैध खनन को संचालित कर रहा है। इसके बाद अगले दिन टीम ने दोबारा कार्रवाई की योजना बनाई और छापेमारी के लिए पहुंची।
छापेमारी के दौरान जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, चालक फिर से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भागने लगे। इस बार उन्होंने बचने के लिए नया तरीका अपनाया। ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्राली उठाकर सड़क पर मिट्टी गिराते हुए टीम को रोकने की कोशिश की, ताकि पीछा करना मुश्किल हो जाए।
इसके बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर तीन ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया। इसी दौरान एक इकोस्पोर्ट्स कार से आए चार लोगों ने टीम से हाथापाई करते हुए ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने टीम के वाहन को टक्कर भी मारी, जिससे कुछ सदस्य घायल हो गए।
स्थिति और गंभीर तब हो गई जब आरोपितों ने स्थानीय ग्रामीणों को भी उकसाकर टीम पर हमला करने के लिए कहा। हालात बिगड़ते देख टीम को किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा।
इस पूरे मामले में पुलिस ने कृपाल सिंह, महेश सहित चार अज्ञात लोगों के खिलाफ कैंट थाने में FIR दर्ज कर ली है। प्रशासन का कहना है कि सभी आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि जिले में अवैध खनन के पीछे किन लोगों का संरक्षण है, जो कार्रवाई के बावजूद माफिया बेखौफ होकर इस तरह के हमलों को अंजाम दे रहे हैं।
#BareillyNews #IllegalMining #MiningMafia #UPPolice #BreakingNews #CrimeNews #BareillyCrime #LawAndOrder





