ग्राम विकास अधिकारी ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बरेली। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti Corruption Organization) बरेली मण्डल की टीम ने गुरुवार को बदायूं जिले में बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 09 अक्टूबर 2025 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मण्डल की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
अभियुक्त गौरव कुमार सिंह पुत्र श्रीपाल सिंह, निवासी काजी टौला, वार्ड नं. 1, थाना इस्लामनगर, जनपद बदायूं, जो वर्तमान में ग्राम विकास अधिकारी, विकास खंड आसफपुर, तहसील विसौली, जनपद बदायूं के पद पर कार्यरत हैं, को दोपहर 12:45 बजे विकास खंड कार्यालय के कमरे में ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया।
शिकायतकर्ता एक भूतपूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने ग्राम पंचायत से संबंधित कार्य करवाने के एवज में VDO द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत की जांच सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है, वहीं प्रशासन ने साफ किया है कि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।