बरेली यूनिवर्सिटी में एबीवीपी का प्रदर्शन, परीक्षा-परिणाम गड़बड़ी पर हंगामा

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्र समस्याओं को लेकर माहौल गर्म हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा और परिणाम से जुड़ी गड़बड़ियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली और रिजल्ट प्रक्रिया में लगातार खामियां सामने आ रही हैं। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलपति प्रो. केपी सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासनिक भवन पर ‘कुलपति लापता’ लिखे पोस्टर भी चिपकाए।
छात्रों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा परिणाम में देरी, मूल्यांकन में त्रुटियां और तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और करियर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन इन समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
एबीवीपी ने विश्वविद्यालय पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं। संगठन के मुताबिक, छात्रों से अनावश्यक शुल्क वसूला जा रहा है, को-करिकुलर विषयों में अनुचित तरीके से बैक दी जा रही है और कई मामलों में बिना उचित मूल्यांकन के एक समान अंक प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे मेरिट प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रांत संगठन मंत्री आनंद कठेरिया ने प्रदर्शन के दौरान चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के अंत में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्र समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। हालांकि, इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





