रिश्वत का खुलासा: राजस्व निरीक्षक की पगड़ी उतारी भ्रष्टाचार निवारण टीम ने

बरेली। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार पर नकेल कसते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मण्डल की टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने राजस्व निरीक्षक अरविन्द शर्मा को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, तहसील तिलहर से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त अरविन्द शर्मा पुत्र स्व. हरिशंकर शर्मा, मूल निवासी ग्राम मोहनपुर थाना कांठ जनपद शाहजहांपुर, वर्तमान में मोहल्ला दातागंज (महेंद्र हलवाई के पास), थाना तिलहर में रह रहे थे।
शिकायतकर्ता इन्द्रजीत पुत्र स्व. प्यारेलाल निवासी ग्राम नहरोसा, थाना मदनापुर ने आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक ने उनकी ताई श्रीमती फुल्ला देवी के नाम पट्टे की जमीन को असंक्रमणीय से संक्रमणीय कराने की फाइल के निस्तारण के एवज में ₹5,000 की रिश्वत मांगी थी।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप ऑपरेशन किया। शुक्रवार को दोपहर 1:04 बजे अभियुक्त को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद टीम ने मौके पर ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशन में की गई।
आमजन से अपील
भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मण्डल ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाए, तो तुरंत संगठन से संपर्क करें।