घायल बस चालक की इलाज के दौरान मौत, पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
बरेली। देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव सेमीखेड़ा निवासी 34 वर्षीय धर्मवीर की सड़क हादसे में मौत हो गई। धर्मवीर इन्वर्टिस कॉलेज की बस चलाते थे और हादसे के वक्त छात्राओं को छोड़ने बहेड़ी की ओर जा रहे थे। जाम गांव के पास उनकी बस एक खड़ी गाड़ी से टकरा गई, जिससे धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब तीन हफ्ते तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे। शुक्रवार देर रात उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही देवरनिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी शकुंतला का रो-रोकर बुरा हाल है। धर्मवीर अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार का पालन-पोषण करने वाला धर्मवीर ही एकमात्र सहारा था।






