त्रिवेणी एक्सप्रेस में दर्दनाक हादसा: वॉशरूम जाते समय यात्री गिरा, मौके पर मौत
बरेली जंक्शन पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया

बरेली। बरेली जंक्शन पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। पत्नी से “मैं वॉशरूम जा रहा हूं” कहकर सीट से उठे युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और पत्नी की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के मुताबिक प्रयागराज के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र निवासी विजय कुमार अपनी पत्नी अंजना राय के साथ त्रिवेणी एक्सप्रेस से प्रयागराज लौट रहे थे। दंपती बरेली के इज्जतनगर स्थित कर्मचारी नगर में रहने वाली अंजना की बहन वंदना के घर आए थे। बताया गया कि अंजना के पैर में दर्द की समस्या थी, जिसका इलाज कराने के बाद दोनों वापस घर जा रहे थे।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रेन बरेली जंक्शन से रवाना हुई। इसी दौरान विजय कुमार ने पत्नी से कहा कि वह वॉशरूम होकर आते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन के झटके के दौरान संतुलन बिगड़ने से विजय अचानक नीचे जा गिरे और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना को देख एक यात्री ने तुरंत ट्रेन की चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी अंजना राय बदहवास हो गईं। स्टेशन पर मौजूद लोग भी इस दर्दनाक मंजर को देखकर स्तब्ध रह गए। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।





