पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, चनेहटी बाजार में खूनी संघर्ष

बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के चनेहटी बाजार में गुरुवार शाम पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। चार युवकों ने एक युवक को सरेबाजार घेरकर लोहे की रॉड और लात-घूंसों से पीटा। बचाव में आए पड़ोसी युवक को भी निशाना बनाया गया। हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
चनहेटी प्रकाश कॉलोनी निवासी अरविंद पुत्र गणेश के अनुसार, 18 दिसंबर की रात करीब आठ बजे उनके पुत्र अमित और सुरजीत सब्जी खरीदने बाजार गए थे। तभी नीरज, चित्रांश, रजत और नैतिक ने अमित को रोक लिया और पुराने विवाद को लेकर मारपीट शुरू कर दी।
रॉड से वार, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
हंगामा सुनकर पड़ोसी करण पुत्र धनपाल जब बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो हमलावरों ने उस पर भी रॉड से हमला कर दिया। अमित के सिर में गंभीर चोट आई है, सुरजीत को कई जगह चोटें आई हैं, जबकि करण के चेहरे और सिर पर गहरे घाव हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए, जिससे बाजार में भय का माहौल बन गया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना कैंट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






