लहिया गांव में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 60 मरीजों की जांच
20 को मुफ्त चश्मे, 8 का आधार कार्ड से मोतियाबिंद ऑपरेशन पूरी तरह फ्री

बरेली। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से एनएसपीबी शहीद भगत सिंह आई हॉस्पिटल, बरेली की ओर से ग्राम पंचायत लहिया, थाना भूता में एक विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर आंखों की जांच कराई और इसका लाभ उठाया।
शिविर का संचालन एनएसपीबी के डायरेक्टर डॉ. हरबंस सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान लगभग 60 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 20 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि 08 मरीजों को आधार कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित कर पूरी तरह नि:शुल्क उपचार की सुविधा दी गई।
विशेषज्ञ टीम रही मौजूद
शिविर में ऑप्टोमेट्रिस्ट आकाश देवल और ऑप्टोमेट्रिस्ट आदर्श पाल ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शहीद भगत सिंह आई हॉस्पिटल की मेडिकल टीम पूरे समय मौजूद रही और मरीजों को आंखों की देखभाल से जुड़ी अहम जानकारी दी।
सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों का सहयोग
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेना के मंडल अध्यक्ष रोहिलखंड हरेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष अजय पटेल, ग्राम प्रधान प्रेमपाल यादव, सुरेश मौर्य, लक्ष्मण प्रसाद मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों ने दूर-दराज क्षेत्र में निःशुल्क जांच, चश्मा और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शहीद भगत सिंह आई हॉस्पिटल और आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।






