Up बरेली में BJP विधायक को मीटिंग में हार्टअटैक, मौतः डॉ. श्याम बिहारी मंत्री के साथ सर्किट हाउस में थे, कल बर्थडे मनाया था

भाजपा विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन
यूपी बरेली फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया। वह शुक्रवार को सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ बैठक में शामिल हुये थे, इस दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई।
विभिन्न योजनाओं और कानून व्यवस्था के संबंध में शुक्रवार की दोपहर सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक ली। इस बैठक में फरीदपुर के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल भी उपस्थित हुए। बैठक के बाद जब डॉ. श्याम बिहारी लाल कक्ष से बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक वह लड़खड़ा कर गिर पड़े। उन्हें तत्काल पीलीभीत रोड स्थित मेडिसिटी हॉस्पिटल (हायर सेंटर) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
डॉ. श्याम बिहारी फरीदपुर से भाजपा के दूसरी बार विधायक थे। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, भर्ती किए जाने तक विधायक की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। उन्हें वेंटीलेटर पर भी रखा गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। डॉ. श्याम बिहारी के निधन की सूचना मिलते ही बरेली से लेकर फरीदपुर और लखनऊ तक शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए।





