No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेशबरेली

प्रयोगात्मक और प्री-बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी, सीसी कैमरों की निगरानी में होंगे प्रैक्टिकल

No Slide Found In Slider.

बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। परिषद की ओर से इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के साथ-साथ कक्षा नौ से 12वीं तक की वार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल तय कर दिया गया है। इस बार यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता को लेकर विशेष सख्ती बरती है, जिसके तहत प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाएगा और इसकी पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी।

जारी कार्यक्रम के मुताबिक, बरेली मंडल में इंटरमीडिएट के प्रथम चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू होकर एक फरवरी तक संचालित की जाएंगी। हालांकि इस दौरान 29 और 30 जनवरी को कोई परीक्षा नहीं होगी। हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि उनकी प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले वर्ष की तरह विद्यालय स्तर पर ही आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर संपन्न कराई जाएंगी। जो विद्यार्थी व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थी के रूप में शामिल हो रहे हैं, उन्हें अपने संबंधित अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बोर्ड ने स्कूलों को आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपलोड करने के लिए भी समय सीमा निर्धारित कर दी है। नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंकों को प्रधानाचार्यों के माध्यम से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, जिसके लिए पोर्टल 10 जनवरी से क्रियाशील हो जाएगा।

इसके अलावा, जनवरी के प्रथम सप्ताह में कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी, जबकि दूसरे सप्ताह में कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। गृह परीक्षाओं की बात करें तो कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर फरवरी के प्रथम सप्ताह तक पूरी कर ली जाएंगी।

विभागीय अधिकारियों ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वह इन आदेशों का पालन सुनिश्चित करें। प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पूर्व स्कूलों की प्रयोगशालाओं में विज्ञान उपकरणों और आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ साफ-सफाई और कैमरों की सक्रियता की जांच करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button