60 साल के बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, बेटी के जन्मदिन की खुशियां पल में हुईं ग़मगीन

बरेली। लंबे समय से बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने उस समय पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया, जब दिल्ली में जन्मदिन की खुशियां मना रहे स्वजन को अचानक इस दुखद खबर का सामना करना पड़ा।
कस्बे के मुहल्ला नीमगढ़ निवासी संतोष रस्तोगी (60) पिछले कई वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वे मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहते थे। बताया जाता है कि बुधवार सुबह उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, संतोष रस्तोगी की पत्नी करीब 20 वर्ष पहले उन्हें छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद वे अपनी मां राजेश्वरी देवी और बेटे आशीष के साथ रह रहे थे। उनकी बेटी साक्षी दिल्ली में रहती है।
हृदय विदारक संयोग यह रहा कि घटना के समय बेटा आशीष बेटी साक्षी के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने दिल्ली गया हुआ था। पिता की मौत की सूचना मिलते ही दोनों रोते-बिलखते घर लौटे। घर पहुंचते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की सूचना पर आवश्यक कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।





