भाई-भाई के विवाद में महिला घायल, पथराव से फूटा सिर

बरेली। थाना बिशारतगंज क्षेत्र के गांव खजुआई में भाई-भाई के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार शाम करीब छह बजे हुए पथराव में पड़ोसी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के सिर में पत्थर लगने से खून बहने लगा, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित हरपाल पुत्र फकीरीचन्द्र के अनुसार उनके पड़ोस में रहने वाले नन्हेलाल और उनके भाई अनोखेलाल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मंगलवार शाम किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि अनोखेलाल पक्ष की ओर से उनके बेटे कमल व कुन्नू के साथ मिलकर पथराव किया जा रहा था।
इसी दौरान हरपाल की पत्नी नेमश्री घर के आंगन में बैठकर बर्तन धो रही थीं, तभी एक पत्थर सीधे उनके सिर में आकर लगा। सिर फटने से महिला लहूलुहान हो गई। जब हरपाल ने विरोध किया तो आरोप है कि अनोखेलाल व उसके बेटों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद हरपाल अपनी घायल पत्नी को लेकर थाना बिशारतगंज पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराकर पति की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






