प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 100 दिनों का प्रदेशव्यापी कार्यक्रम घोषित

संविधान संवाद महापंचायत से रामाबाई अंबेडकर मैदान की महारैली तक कांग्रेस का रोडमैप
बरेली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा नावेल्टी चौराहा स्थित उपजा प्रेस क्लब में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केक काटकर और मिठाई बांटकर प्रियंका गांधी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी 100 दिनों में पूरे उत्तर प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से बड़े जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रम चलाएगी। इनमें संविधान संवाद महापंचायत, मनरेगा बचाओ संग्राम, एसआईआर अभियान, पंचायत चुनाव की तैयारी, सेवा व बलिदान के 140 वर्ष, एमएलसी चुनाव, संगठन सृजन अभियान और रामाबाई अंबेडकर मैदान में प्रस्तावित विशाल महारैली शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा सरकार द्वारा संविधान से छेड़छाड़ के प्रयासों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इसी क्रम में 24 जनवरी को सीतापुर से संविधान संवाद महापंचायत की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 30 से अधिक महापंचायतों का आयोजन होगा, जिनके माध्यम से सरकार की नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने रखा जाएगा।
मिर्जा सकलैनी ने कहा कि पंचायत चुनाव कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ अकेले लड़ेगी। संगठन सृजन अभियान के तहत बीते नौ महीनों में प्रदेशभर में 9 हजार मंडलों का गठन किया गया है तथा करीब डेढ़ लाख बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। मनरेगा बचाओ संग्राम और एसआईआर के तहत भौतिक सत्यापन जैसे अभियानों की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासन में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को समाप्त कर रही है। वर्ष 2006 में लागू मनरेगा अधिनियम ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार का अधिकार बना और महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस अपने सेवा और बलिदान के 140 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद की 11 सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। संविधान संवाद महापंचायतों के बाद लखनऊ के रामाबाई अंबेडकर मैदान में ऐतिहासिक महारैली आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश अग्रवाल, पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा, पीसीसी सदस्य पं. राज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जिया उर रहमान, डॉ. हरीश गंगवार, मुकेश वाल्मीकि, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष कमरुद्दीन सैफी, सैयद सफदर अली, शाकिर सकलैनी, अकरम खान, परवीन शर्मा, मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।






