यूपी दिवस पर बरेली के स्वाद की धूम, बर्फी-सेवइयां और छोले-भठूरे का लगेगा स्टॉल

बरेली। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में यूपी दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि ओडीओसी (एक जनपद-एक व्यंजन) योजना के तहत यूपी दिवस के अवसर पर बरेली की प्रसिद्ध बर्फी, सेवइयां, छोले-भठूरे और चाट के स्टॉल लगाए जाने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है।
19 से 26 जनवरी तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 19 से 26 जनवरी 2026 तक जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कर्मियों की टीमें बनाकर व्यापक साफ-सफाई कराई जाएगी, ताकि यूपी दिवस के आयोजन स्वच्छ और सुंदर वातावरण में संपन्न हो सकें।
खेल प्रतियोगिताएं और विजेताओं का सम्मान
डीएम ने युवा कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि 19 से 23 जनवरी तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 24 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालयों में रंगारंग प्रतियोगिताएं
जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में रंगोली, भाषण, फैंसी ड्रेस, निबंध, चित्रकला जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे बच्चों में रचनात्मकता और प्रदेश के प्रति गर्व की भावना विकसित हो।
महापुरुषों के सम्मान में होंगे विशेष कार्यक्रम
यूपी दिवस के दौरान संस्कृति उत्सव के साथ-साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
लखपति-करोड़पति दीदी की सफलता की कहानियां होंगी साझा
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रमों के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार एक जनपद-एक उत्पाद पर आधारित प्रदर्शनी लखपति दीदी और करोड़पति दीदी की सफलता की कहानियां भी आमजन के सामने प्रस्तुत की जाएंगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सीडीओ देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





