नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बरेली में जश्न का माहौल

बरेली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने पर बरेली जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी के युवा चेहरे नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में औपचारिक रूप से नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुष्पमाला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई दी।
बरेली के नेताओं ने किया अभिनंदन
बरेली कैंट विधायक एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के सह-कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि“युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भाजपा देश की एकता, अखंडता और विकास के नए अध्याय लिखेगी। नितिन नबीन का नेतृत्व पार्टी को नवीन आयाम देगा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करेगा।”
युवा नेतृत्व से पार्टी को मिलेगी नई गति
भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। “युवा नेतृत्व के साथ भाजपा का राष्ट्रसेवा का संकल्प और अधिक सशक्त होगा। हम उनके सफल, प्रेरणादायक और ऐतिहासिक कार्यकाल की कामना करते हैं।”
युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा नेतृत्व
आंवला के जिला महामंत्री ने कहा कि भाजपा ने अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनकर युवाओं को बड़ा संदेश दिया है।“नितिन नबीन का नेतृत्व युवाओं को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देगा।“
साधारण कार्यकर्ता भी बन सकता है राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।“नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और राष्ट्रसेवा का संकल्प और मजबूत होगा।”
निष्पक्ष नीतियों का प्रतीक फैसला
भाजपा नेता दक्ष शर्मा पराशर ने कहा कि “युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन पार्टी की निष्पक्ष और कार्यकर्ता-हितैषी सोच को दर्शाता है। यह निर्णय देश के युवाओं को प्रेरित करेगा और संगठन को और सशक्त बनाएगा।”राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताजपोशी की खुशी में बरेली भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






