देश
माघ पूर्णिमा: हरिद्वार के घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब, गंगा स्नान से गूंजे जयघोष

हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट और सुभाष घाट सहित हरिद्वार के प्रमुख गंगाघाटों पर माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही गंगा तट “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष से गूंज उठा।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं।
तीर्थ पुरोहितों का मानना है कि माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से पापों का क्षय होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस पावन अवसर पर गंगाघाटों पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।





