Bareilly News: कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस का मेगा एक्शन प्लान, हर जत्थे के साथ रहेगा पुलिसकर्मी
एसएसपी अनुराग आर्य की देर रात हाई लेवल बैठक, सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल, बरेली
बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने इस बार व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय सभागार में देर रात जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और शाखा प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि इस बार प्रत्येक कांवड़ जत्थे के साथ एक नोडल पुलिसकर्मी तैनात रहेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष कांवड़ सेल का गठन किया गया है। प्रत्येक सेल में दो उपनिरीक्षक, दो बीट आरक्षी तथा दो कांस्टेबल क्लर्क (मुंशी) की तैनाती की गई है, जो कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी मामलों की निगरानी करेंगे।
गांव-गांव पहुंचेगी पुलिस, जत्थेदारों से होगा सीधा संवाद
बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन दिवसीय विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर पुलिस अधिकारी गांवों और मोहल्लों में पहुंचेंगे। इस दौरान कांवड़ समितियों और जत्थेदारों के साथ बैठक कर यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
सीसीटीवी, चेक पोस्ट, पीआरवी और एंबुलेंस रहेंगी तैनात
एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ मार्गों पर अस्थायी पुलिस चौकियां, पुलिस चेक पोस्ट, सीसीटीवी कैमरे, बाइक मोबाइल टीम, पीआरवी वाहन, फर्स्ट एड किट, एंबुलेंस और फायर सर्विस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही रेलवे क्रॉसिंग, डिवाइडर कट, प्रकाश व्यवस्था, झूलते बिजली के तार और ट्रांसफार्मरों जैसी संभावित समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर समय रहते समाधान कराया जाए।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक पोस्ट या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में स्वयंसेवक टीमों के गठन तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
डीजे संचालकों और मीट की दुकानों के लिए भी स्पष्ट निर्देश
एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं, कांवड़ मार्गों पर स्थित मीट की दुकानों को नियमानुसार बंद कराने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
‘लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी’
बैठक के अंत में एसएसपी अनुराग आर्य ने दो टूक कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके।
बैठक में एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एएसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, एएसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान, पुलिस उपाधीक्षक (अभिसूचना) विजय कुमार राना, प्रभारी यूपी-112, प्रभारी कांवड़ सेल, यातायात निरीक्षक, प्रभारी रेडियो शाखा सहित जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






