No Slide Found In Slider.
बरेली

बरेली उपद्रव मामले में आरोपी सुभान ने कबूले कई अहम तथ्य

No Slide Found In Slider.

बरेली। पिछले वर्ष हुए बरेली उपद्रव के दौरान पुलिस पर फायरिंग के आरोपित हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, जेल भेजे जाने से पहले पूछताछ में सुभान ने कई अहम खुलासे किए हैं।

आरोपी ने दावा किया कि चक महमूद मुहल्ले के पार्षद अनीस सकलैनी ने उसे पुलिस पर फायरिंग के लिए तमंचा और कारतूस उपलब्ध कराए थे। सुभान के मुताबिक, वह भीड़ के साथ इस्लामिया कॉलेज मैदान जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बारादरी क्षेत्र में पुलिस द्वारा रोके जाने पर उसने फायरिंग की और फरार हो गया।

उपद्रव के बाद इस मामले में बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें सुभान को नामजद किया गया था।

पुलिस का दावा: उकसावे में भड़की थी हिंसा

पुलिस का कहना है कि कानपुर के ‘I Love Mohammad’ लिखे पोस्टर विवाद की आड़ में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने 26 सितंबर को प्रदर्शन का आह्वान किया था, जो बाद में हिंसक उपद्रव में बदल गया।

पुलिस के अनुसार, इस उकसावे के बाद आई भीड़ ने शहर के पांच अलग-अलग स्थानों पर पुलिस पर फायरिंग, पथराव, पेट्रोल बम और तेजाब से हमला किया था।

छोटे-छोटे समूहों में पहुंचने की बनाई गई थी योजना

पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोर बाजार निवासी सुभान लंबे समय से मौलाना तौकीर रजा का समर्थक था। 25 सितंबर को चक महमूद के पार्षद अनीस सकलैनी ने कथित तौर पर सुभान से कहा था कि 26 सितंबर को इस्लामिया मैदान में होने वाले प्रदर्शन में जरूर शामिल होना है।

आरोप है कि उसने कहा था कि सभी को छोटे-छोटे समूहों में पहुंचना है, पुलिस रोके तो जबरन आगे बढ़ना है और जरूरत पड़ने पर तेजाब व पेट्रोल की बोतलों से शक्ति प्रदर्शन करना है। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सुभान को तमंचा और पांच कारतूस दिए गए थे।

फायरिंग कर फरार, फिर दबोचा गया

अगले दिन पुलिस द्वारा रोके जाने पर सुभान ने दो से तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कई शहरों में छिपता रहा, लेकिन रुपये खत्म होने पर वापस लौट आया।

27 जनवरी को स्पर्श लॉन के पास अपने साथी सलमान से उधार को लेकर उसका विवाद हुआ। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फिर फरार हो गया। अजमेर भागने की कोशिश में था, लेकिन शुक्रवार रात सम्राट अशोक नगर में चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में हिंसक हमलों की पुष्टि

पुलिस के मुताबिक, पार्षद अनीस सकलैनी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में फोरेंसिक लैब की जांच में पेट्रोल बम और तेजाब से हमले की पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल पुलिस बैलिस्टिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

इस प्रकरण में पुलिस अब तक मौलाना तौकीर रजा समेत कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button