मस्जिद के सामने नाले पर अतिक्रमण: नगर निगम की सख्त कार्रवाई, कई ढांचे ध्वस्त, 24 घंटे का अल्टीमेटम

बरेली। शहर के वार्ड संख्या-42 स्थित चौधरी मोहल्ला में नाले पर किए गए अतिक्रमण के कारण जलनिकासी बाधित होने का मामला सामने आया है। मस्जिद के सामने नाले को ढककर अवैध निर्माण कर दिया गया था, जिससे आसपास के इलाके में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
नगर निगम की ओर से पूर्व में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कब्जेदारों ने निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद सोमवार को नगर निगम की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैन सिंह के नेतृत्व में निगम टीम ने नाले पर किए गए आधा दर्जन से अधिक अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों ने अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया है, उन्हें 24 घंटे के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है। तय समय सीमा के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो निगम की ओर से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि नालों पर अतिक्रमण के कारण जलनिकासी प्रभावित होती है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ती है। शहर में ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।






