No Slide Found In Slider.
बरेली

देवरनियां मुठभेड़: लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार

No Slide Found In Slider.

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के देवरनियां थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम का एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में कार्यरत कर्मचारी रनवीर सिंह ने 18 जनवरी को देवरनियां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बरेली-नैनीताल हाईवे स्थित सेमीखेड़ा के नायरा पेट्रोल पंप के पास उनकी पत्नी प्रियंका श्रीवास्तव से तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पर्स लूट लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, करीब 6 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। पीड़ित परिवार ने कुल लगभग 7 लाख रुपये के नुकसान की बात कही थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

शनिवार को देवरनियां थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल आरोपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इटौआ की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस के अनुसार, घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी कपिल मौर्य के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से कपिल मौर्य के अलावा अनिल मौर्य और सनी निवासी ग्राम गुना हट्टू को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान सिपाही पवन बंसल भी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल आरोपी को भी पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, एक चाकू, लूट के आभूषण, 5600 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी भोजीपुरा थाना क्षेत्र में 1 फरवरी को एसबीआई बैंक के सिक्योरिटी गार्ड मुकेश और उनकी पत्नी से मोबाइल और नकदी लूट की घटना में भी शामिल थे।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button