हाजीपुर स्टेशन पर 1869 किलो विदेशी पोस्ता दाना बरामद, कीमत 40 लाख से अधिक

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सीबीआई सोनपुर और मुजफ्फरपुर कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन की पार्सल बोगी से 1869 किलोग्राम विदेशी पोस्ता दाना बरामद किया।
बरामद माल की अनुमानित कीमत स्थानीय बाजार में करीब 40 लाख 94 हजार रुपये आंकी गई है।
न्यू तिनसुकिया से अमृतसर भेजा जा रहा था माल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पोस्ता दाना न्यू तिनसुकिया से अमृतसर के लिए भेजा जा रहा था। पार्सल बोगी में संदिग्ध सामग्री की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह अभियान आरपीएफ थाना अध्यक्ष साकेत कुमार के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई में आरपीएफ कस्टम अधीक्षक मुजफ्फरपुर सुदामा कुमार तथा निरीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम शामिल रही।
तस्करों की तलाश शुरू
आरपीएफ ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पार्सल की बुकिंग और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि तस्करों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
रेलवे और कस्टम विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।



