बरेली में पुलिस मुठभेड़: डकैती के चार आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में गोली; दरोगा-सिपाही घायल

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान डकैती के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में दरोगा और एक सिपाही भी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। पकड़े गए बदमाश 12 फरवरी की रात धौराटांडा कस्बे में राइस मिलर रिहान के घर डकैती की वारदात में वांछित थे। घटना के बाद फरार होते समय गिरकर घायल हुए एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था।
थाना प्रभारी भोजीपुरा के मुताबिक, रविवार रात करीब 1:40 बजे पुलिस टीम गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी थी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक ने वाहन तेज गति से भगाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।
खुद को घिरता देख वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में दरोगा रुक्मेश सिंह और सिपाही संजय सागर घायल हुए हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि घायल आरोपी अकरम और आसिफ ने शाहाबाद थाना क्षेत्र में भी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






