बरेली मुठभेड़: 2 बदमाश गिरफ्तार, एक घायल, 3 लाख बरामद
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है, जिसमें शाही थाना पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश कुछ दिन पहले कस्बा शाही में हुई 25 लाख रुपये की बड़ी चोरी में शामिल थे। पूछताछ में दोनों ने इस वारदात को कबूल कर लिया है।
चेकिंग के दौरान मिली थी सूचना
थाना प्रभारी राजेश कुमार बैंसला के मुताबिक, पुलिस टीम रात में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर चोर इमरान अपने एक साथी के साथ चोरी के जेवर बेचकर मिले पैसे लेकर मोटरसाइकिल से दिल्ली भागने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी कर दी और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया।
भागने की कोशिश और फायरिंग
पुलिस के रुकने के इशारे पर दोनों आरोपी तेजी से भागने लगे। पीछा करने पर शाही-मिर्जापुर रोड पर श्मशान के पास कच्चे रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी इमरान के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
नकदी और हथियार बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचे और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। तलाशी के दौरान उनकी जेब से नोटों की गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल रकम लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है, जिस पर चोरी के जेवर खरीदने का आरोप है।






