बरेली: गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच कुकर फटा, मासूम समेत चार झुलसे
बरेली में गैस सिलिंडर की कमी के चलते मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाते समय कुकर फट गया। हादसे में एक मासूम समेत चार लोग झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश के बरेली में रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण परिवार को मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ा, लेकिन इसी दौरान प्रेशर कुकर फटने से एक मासूम बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां एक बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना कैंट क्षेत्र के नकटिया इलाके की है। घायल परिवार के मुखिया राम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम उनकी पत्नी नन्ही देवी घर में मिट्टी के चूल्हे पर उड़द और राजमा पका रही थीं। उस समय घर के बच्चे भी पास में बैठे हुए थे। अचानक तेज धमाके के साथ कुकर फट गया, जिससे आसपास मौजूद लोग झुलस गए।
हादसे में राम सिंह के बेटे कार्तिक, बेटी नेहा, देवांश और उनकी पत्नी नन्ही देवी गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार हादसे में सबसे ज्यादा चोटें छोटे बेटे कार्तिक को आई हैं। उसका शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उसे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है।
राम सिंह ने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से इलाके में रसोई गैस सिलिंडर की भारी किल्लत चल रही है। गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद कई बार लाइन में लगे, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ा।
उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण परिवार के पास दूसरा विकल्प नहीं था। मजबूरी में उनकी पत्नी को मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना शुरू करना पड़ा। इसी दौरान कुकर में पक रहे भोजन के दौरान अचानक तेज प्रेशर बनने से वह फट गया और यह हादसा हो गया।
राम सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिवार पर एक साथ कई संकट आ खड़े हुए हैं। एक ओर परिवार के चार सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं दूसरी ओर इलाज का खर्च और बच्चों की हालत को लेकर परिवार बेहद चिंतित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गैस सिलिंडर की कमी बनी हुई है, जिसके चलते कई परिवारों को वैकल्पिक साधनों से खाना बनाना पड़ रहा है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है और प्रशासन से गैस आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठने लगी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। वहीं डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।





