बरेली में 80 दुकानों पर बुलडोजर एक्शन तय, अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी

बरेली में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। शहर के कोहाड़ापीर इलाके में करीब 80 दुकानों को नोटिस जारी किया गया है, जिनके कुछ हिस्से अतिक्रमण की जद में पाए गए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने करीब तीन माह पहले ही कोहाड़ापीर से कुदेसिया फाटक तक फैले अतिक्रमण को चिह्नित कर लिया था। इस क्षेत्र में दुकानों के बाहर बढ़े निर्माण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई शुरू की गई है।
प्रशासन की ओर से इस पूरे प्रकरण की निगरानी के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट को इस कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि अभियान पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।
नोटिस मिलने के बाद स्थानीय व्यापारियों में हलचल मच गई है। व्यापारी संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर महापौर उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य से कई दौर की बातचीत की, लेकिन फिलहाल उन्हें किसी तरह की राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। बताया जा रहा है कि नोटिस जारी हुए 20 दिन से अधिक समय बीत चुका है।
नगर निगम ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटाएं। यदि ऐसा नहीं किया गया तो प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों के जरिए अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शहर के अन्य क्षेत्रों जैसे शाहबाद, डेलापीर तालाब और नावल्टी इलाके में भी अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं। इन क्षेत्रों के कुछ व्यापारी इस कार्रवाई के खिलाफ अदालत का दरवाजा भी खटखटा चुके हैं।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि कोहाड़ापीर क्षेत्र में लगभग 80 दुकानों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इन सभी को नियमानुसार नोटिस जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही उनके अवैध हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
नगर निगम की इस सख्ती से साफ है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है, जिससे यातायात और शहरी व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।






