बरेली में सीएम योगी ने दिवंगत भाजपा विधायक को दी श्रद्धांजलि
अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब, परिजनों को बंधाया ढांढस

बरेली।रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल। फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर शहर की शक्ति नगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री ने शोक संतृप्त परिवार से मुलाकात कर पत्नी, बेटियों और बेटे को ढांढस बंधाया तथा इस दुखद घड़ी में सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सर्किट हाउस में बिगड़ी थी तबीयत, हार्ट अटैक से हुआ निधन
बताया गया कि प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के बाद भोजन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, हृदयाघात उनके निधन का कारण बना। उनके असामयिक निधन से न सिर्फ राजनीतिक जगत, बल्कि सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सीएम योगी ने जताया गहरा शोक
वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने परिवार के प्रत्येक सदस्य से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक आवास पर रुके और इसके बाद रवाना हो गए।
हजारों लोगों ने किए अंतिम दर्शन
शनिवार को दिवंगत विधायक के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे शक्ति नगर स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों का सैलाब उमड़ पड़ा।
फरीदपुर में होगा अंतिम संस्कार, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जनपद के विभिन्न सर्किलों के पुलिस क्षेत्राधिकारी, भारी पुलिस बल और पीएसी को विधायक के कार्यालय से लेकर श्मशान भूमि तक तैनात किया गया है।






